युवती को बरामद करने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास करे : विकास शर्मा
किच्छा में युवती को युवक द्वारा साथ ले जाने के मामले में महापौर ने एसएसपी से की वार्ता, मददगारों की भूमिका की जांच की मांग
रुद्रपुर। किच्छा में 18 वर्षीय युवती को सरताज नामक युवक द्वारा अपने साथ ले जाने के मामले को लेकर महापौर विकास शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से वार्ता कर युवती की शीघ्र बरामदगी और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कराने की मांग की है। महापौर ने कहा कि आरोपी कहीं भी छिपा हो, पुलिस को उसे तलाशकर कानून के दायरे में लाना चाहिए।
विकास शर्मा ने कहा कि उनके सामने मामले को लेकर कई तरह की जानकारियां आई हैं, जिनकी पुलिस स्तर पर जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवती के परिजनों की ओर से युवक द्वारा अंगूठी, ताबीज और कुछ खाद्य सामग्री दिए जाने की बात बताई गई है। इन सभी तथ्यों की सत्यता जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
महापौर ने कहा कि पुलिस को केवल युवक तक सीमित न रहते हुए उसके संपर्कों और संभावित मददगारों की भूमिका की भी जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने युवती को ले जाने में सहयोग या संरक्षण दिया है तो जांच में उसकी भूमिका सामने आनी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवती की मां अपनी बेटी को लेकर परेशान है। ऐसे में प्राथमिकता युवती को सुरक्षित बरामद कर परिवार तक पहुंचाना होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करने का आग्रह किया।
विकास शर्मा ने कहा कि यदि आरोपी यह समझ रहा है कि वह कहीं छिपकर कानून की कार्रवाई से बच जाएगा तो यह उसकी गलतफहमी है। पुलिस को हर संभावित स्थान पर तलाश करते हुए युवती की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर ने कहा कि उन्होंने एसएसपी अजय गणपति से सीधे वार्ता की है और एसएसपी ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि वह भी पूरे प्रकरण पर नजर रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से दोबारा वार्ता करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार का अवैध निर्माण या अन्य कानून-विरुद्ध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि युवती की सुरक्षित बरामदगी के साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मामले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की वास्तविक भूमिका सामने आ सके और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो।


