*22 राज्यों के 1,500 खिलाड़ियों से सजा राष्ट्रीय फेंसिंग का महाकुंभ* *डीपीएस रुद्रपुर में सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ*

*22 राज्यों के 1,500 खिलाड़ियों से सजा राष्ट्रीय फेंसिंग का महाकुंभ*

*डीपीएस रुद्रपुर में सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ*

रुद्रपुर, 26 सितंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में शनिवार को सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से करीब 1,500 खिलाड़ी व प्रशिक्षक हिस्सा ले रहे हैं। वहीं 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी, निर्णायक और आयोजन अधिकारी प्रतियोगिता के संचालन में जुटे हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से विद्यालय परिसर खेल महोत्सव में तब्दील हो गया।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों की भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और खेल भावना पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया मुख्य अतिथि रहे। एसपी सॉल्वेंट के प्रबंध निदेशक पवन अग्रवाल और रुद्रपुर सॉल्वेंट के निदेशक अशोक बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने डीपीएस रुद्रपुर की ओर से इतने बड़े स्तर पर प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में सहायक हैं।

विशिष्ट अतिथियों ने भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देना भी जरूरी है। डीपीएस रुद्रपुर इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि फेंसिंग जैसे खेलों में युवाओं के लिए भविष्य की अपार संभावनाएं हैं।

प्रतियोगिता के आगामी चरणों में विभिन्न आयु वर्गों के फेंसर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी से विद्यालय परिसर में उत्साह और खेल भावना का माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता का समापन 2 अक्टूबर 2026 को होगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement