*फर्जी दस्तावेजों से MBBS में दाखिले का प्रयास, दो गिरफ्तार* *आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और बिजली बिल समेत कई कूटरचित दस्तावेज बरामद*

*फर्जी दस्तावेजों से MBBS में दाखिले का प्रयास, दो गिरफ्तार*

*आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और बिजली बिल समेत कई कूटरचित दस्तावेज बरामद*

गदरपुर। फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर छात्रों को MBBS में दाखिला दिलाने का प्रयास करने के मामले में गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर दो मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD बरामद किए हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर पर फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर उनका लाभ लेने के आरोप में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में धारा 318(4), 336(3), 338, 339, 340(2) और 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों की जांच में फर्जी और कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल समेत अन्य दस्तावेजों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मामले में नामजद शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर छात्रों को MBBS में दाखिला दिलाने के लिए आपराधिक षडयंत्र रच रहे थे। आरोपियों के मोबाइल फोन से मिली रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया, निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10, गदरपुर।

निखिल वर्मा पुत्र मोती राम, निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय, गदरपुर।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से दो मोबाइल फोन, एक HP EliteBook x360 1030 G4 लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक SSD बरामद किया है।

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा और कांस्टेबल 1319 मोहन सिंह बोरा शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement