*मुखर्जीनगर में 400 श्रमिकों को बांटी लेबर किट*
*विधायक शिव अरोरा बोले- पात्र श्रमिकों तक पहुंचाया जा रहा योजनाओं का लाभ*
रुद्रपुर। वार्ड नंबर-5 मुखर्जीनगर में श्रम विभाग के सौजन्य से पंजीकृत श्रमिकों के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक शिव अरोरा ने 400 श्रमिकों को लेबर किट वितरित की। किट प्राप्त कर श्रमिकों के चेहरे पर खुशी नजर आई। शिविर में महिला और पुरुष श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। श्रम विभाग के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के साथ ही जरूरत के अनुसार उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर सीधे धरातल पर मिले। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने श्रमिकों से अपना पंजीकरण और जरूरी दस्तावेज पूर्ण रखने की अपील की, ताकि योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि 400 श्रमिकों को लेबर किट का वितरण इसी अभियान का हिस्सा है। आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी शिविर लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी अंतिम पंक्ति में खड़े श्रमिक तक पहुंचाने और पात्र लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि श्रमिकों का हक उन्हें दिलाना और सरकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
इस दौरान मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, पार्षद कुसुम शर्मा, तन्मय पंत, श्रम प्रवर्तन अधिकारी गुरमीत सिंह, मयंक कक्कड़, सोनू वर्मा, भीमसेन गुप्ता, वासु गुम्बर आदि मौजूद रहे।


