*किच्छा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, राजेश प्रताप के समर्थन में निकला रोड शो*
किच्छा। नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के समर्थन में रविवार को कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन से भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, 20 वार्डों के प्रत्याशियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रोड शो मुख्य मार्गों से होते हुए एमपी चौक, डीडी चौक और बरेली रोड तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।
रोड शो में पूर्व सांसद महेंद्र पाल, विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, प्रदेश प्रवक्ता गणेश उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा समेत कांग्रेस के प्रदेश और जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
रोड शो के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी बढ़ी है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हुए हैं। उन्होंने निकाय चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में ऐसे जनप्रतिनिधि चुने जाने चाहिए, जो जनता के बीच उपलब्ध रहें और क्षेत्र के विकास के लिए काम करें।
आर्य ने कांग्रेस को सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी बताते हुए किच्छा और सिरौली दोनों नगर पालिकाओं में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने भी कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी की मजबूती से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को भी बल मिलेगा।
विधायक तिलकराज बेहड़ ने रोड शो में शामिल जनता और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किच्छा की सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की फिजा को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
रोड शो में कांग्रेस के वार्ड प्रत्याशियों के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


