*सीता स्वयंवर में श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने बांधा समां*
*श्री शिव नाटक क्लब की रामलीला के चौथे दिन सीता स्वयंवर और राम-परशुराम संवाद का मंचन, आज निकलेगी प्रभु श्रीराम की भव्य बारात*
रुद्रपुर। श्री शिव नाटक क्लब की ओर से आयोजित रामलीला मंचन के चौथे दिन सीता स्वयंवर, रावण-वाणासुर संवाद, श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने, जयमाला और परशुराम-लक्ष्मण संवाद की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी एवं उत्तराखंड जु-जित्सु एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ तथा उद्योगपति एवं सिल्वर ओक के प्रबंध निदेशक राजू गावा और उनके परिवार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने श्री शिव नाटक क्लब को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि रामलीला का मंचन समाज को महत्वपूर्ण सीख देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर बना सकता है। उन्होंने कहा कि रामलीला आस्था और संस्कारों का पवित्र मंच है। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है।
उद्योगपति राजू गावा ने रामायण के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की लीलाओं से भारतीय संस्कृति और प्राचीन ज्ञान की महत्ता का पता चलता है। पुष्पक विमान और हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लाने जैसे प्रसंग हमारी परंपराओं में वर्णित अद्भुत क्षमताओं का परिचय देते हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला का मंचन देखकर उससे मिलने वाली शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान श्री शिव नाटक क्लब के पदाधिकारियों ने अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंच संचालन जॉली कक्कड़ ने किया।
रामलीला में सीता स्वयंवर के दौरान रावण और वाणासुर के बीच संवाद, श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने तथा सीता जी द्वारा जयमाला पहनाने के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। इसके बाद परशुराम और लक्ष्मण के बीच संवाद ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। जनक की भूमिका हिमांशु पारिख, सीता की भूमिका नैतिक तनेजा, रावण की भूमिका रोहित नागपाल, वाणासुर की भूमिका गर्व गुलाटी, श्रीराम की भूमिका अभिनव अनेजा, लक्ष्मण की भूमिका रवि कक्कड़ और परशुराम की भूमिका अवतार सिंह खुराना ने निभाई। राजा की भूमिका तनिष्क सीकरी ने निभाई। इसके अलावा नमन कक्कड़, लविश गावड़ी, वसु ठुकराल, केशव बत्रा और अवनीत सिंह ने भी विभिन्न पात्रों का अभिनय किया। भाट की भूमिका भारत हुड़िया ने निभाई।
आज निकलेगी प्रभु श्रीराम की भव्य बारात
श्री शिव नाटक क्लब की ओर से आज दिन में प्रभु श्रीराम की भव्य बारात निकाली जाएगी। वहीं, रात्रि में रामलीला मंचन के दौरान राजतिलक की घोषणा, मंथरा-कैकेयी संवाद, कैकेयी का कोप भवन और श्रीराम को वनवास दिए जाने तक के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
क्लब के अध्यक्ष जगदीश सुखीजा ने सभी रामभक्तों से रामलीला का आनंद लेने और प्रभु श्रीराम की बारात की शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।


