*चुनाव बहिष्कार की चेतावनी के एक घंटे में कीरतपुर पहुंचे महापौर, सड़कों के निर्माण का दिया भरोसा*
*बदहाल सड़कों का किया निरीक्षण, लोनिवि अधिकारियों से वार्ता कर मरम्मत और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश*
रुद्रपुर। कीरतपुर में बदहाल सड़कों को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी सामने आने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दिए जाने के करीब एक घंटे के भीतर महापौर विकास शर्मा गांव पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ दोनों प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
महापौर विकास शर्मा ने आनंदम गार्डन वाली सड़क और जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़कों की बदहाली से आवागमन में हो रही परेशानी से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी थी।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने मौके से ही लोनिवि अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने आनंदम गार्डन वाली सड़क की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए स्थायी निर्माण होने तक पैचवर्क कर गड्ढे भरने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके। साथ ही जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू कराने को कहा। विभागीय अधिकारियों ने दोनों सड़कों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों की स्थिति सुधारने और लोगों को आवागमन में राहत दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन के स्तर पर होना है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। जरूरत पड़ने पर शासन स्तर पर भी मामला उठाया जाएगा, ताकि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो सके। जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
महापौर के मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा लेने और अधिकारियों से तत्काल वार्ता करने पर ग्राम प्रधान आशीष यादव सहित ग्रामीणों ने आभार जताया। ग्रामीणों ने उम्मीद व्यक्त की कि दोनों सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
इस दौरान ग्राम प्रधान आशीष यादव, पार्षद पवन राणा, बीनू, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, राजन राठौर, गौरव जुयाल, प्रवीण यादव, विपिन सैनी, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, सुमंता कुमार, कान्हू चरण, छोटे लाल शुक्ला, तपस, रणधीर मलिक, रिंटू, अंतर्यामी, पंकज सिंह, तरुण शर्मा, अनुज द्विवेदी, सन्नी धवन, राम बाबू, जसवीर बसरा, काकू, दिनेश भोज, जसविंदर सिंह, दीप चंद्र जोशी, लोकेंद्र मलिक, भवन सिंह, अनिल लोहनी, आनंद, नीरज, अनुज सैनी, रोहित शर्मा, राम सिंह, आशीष शाह और रामप्रवेश पांडेय सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


