*शिक्षकों ने जन्मदिन पर स्कूली बच्चों को कराया भोजन, गणेश उपाध्याय ने की सराहना*

जन्मदिन पर गुरुजनों ने बच्चों को कराया भोजन, पेश की मिसाल

रुद्रपुर। ग्राम सभा गडरिया बाग के रजपुर प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक नवनीत सिंह और सहायक अध्यापक सुरेश पंत ने अपना जन्मदिन स्कूली बच्चों के साथ सादगी और सेवा भाव से मनाया। इस अवसर पर दोनों शिक्षकों ने बच्चों के लिए फ्रूटी, केक के साथ-साथ पूरी, हलवा और खीर का भोजन तैयार कराया। शिक्षकों के इस प्रयास को देखकर मौके पर पहुंचे लोगों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने कहा कि दोनों शिक्षक जिस तरह अपने जन्मदिन को बच्चों के बीच मनाकर उन्हें खुशियां दे रहे हैं, वह सराहनीय और प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी इसी तरह बच्चों के साथ अपने विशेष दिन साझा करें तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि रुद्रपुर ब्लॉक के किच्छा विधानसभा क्षेत्र की इस ग्राम सभा में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। ऐसे में शिक्षकों द्वारा बच्चों के साथ खुशियां बांटना उनके प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने दोनों शिक्षकों को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षकों ने बताया कि जब से उन्होंने विद्यालय में कार्यभार संभाला है, तब से वे अपने जन्मदिन पर इसी तरह बच्चों के साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं। इस दौरान किसान कांग्रेस के महामंत्री महिपाल सिंह बोरा सहित विद्यालय के दर्जनों विद्यार्थी मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement