सेवा संकल्प अभियान में होंगे विभिन्न सेवा कार्यक्रम
*भाजपा चलाएगी सेवा संकल्प अभियान, होंगे विभिन्न कार्यक्रम*
रुद्रपुर। भाजपा जिला ऊधम सिंह नगर की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल के निर्देशन में हुई वार्ता में अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है। इसके तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष के सेवा एवं समर्पण को लेकर भी विशेष कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों से घर में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद व्यक्त करने का आह्वान किया जाएगा।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में हवन, स्वच्छता अभियान, बीमार एवं जरूरतमंद लोगों को फल वितरण और पौधरोपण सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग ने अभियान के लिए नियुक्त कार्यक्रम संयोजक और सह संयोजकों की जानकारी दी। प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, सह संयोजक सुनील कुमार यादव, जिला मीडिया संयोजक विजय पाल सिंह तोमर और जिला कार्यालय मंत्री मोर सिंह यादव मौजूद रहे।


