*मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे ठुकराल समेत कई कांग्रेसी गिरफ्तार*
*जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे थे कार्यकर्ता, पुलिस कार्रवाई पर जताया विरोध*
रुद्रपुर। जिला मुख्यालय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं से अवगत कराने तथा ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिटी क्लब के पास हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सिटी क्लब में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर उन्हें घेर लिया। पुलिस ने ठुकराल के अलावा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश पंत, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, दिनेश कोली, राम सेवक कोली, आनंद शर्मा और सुनील चुघ समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से रवाना कर दिया।
हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई जनता की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का विरोध करने नहीं, बल्कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति से उन्हें अवगत कराने और समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने जा रहे थे।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल लंबे समय से महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू न होने पर भी चिंता जताई।
पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार में जनहित से जुड़े मुद्दों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की समस्याओं को उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।











