सामिया लेक सिटी में मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण
रुद्रपुर। सामिया लेक सिटी में विधायक निधि से स्वीकृत मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य का विधायक शिव अरोरा ने विधिवत लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। लोकार्पण कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत करते हुए विकास कार्य के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। जनता की आवश्यकताओं और जनभावनाओं के अनुरूप लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिलेगा तथा क्षेत्र की आस्था से जुड़े स्थलों का स्वरूप भी निखरेगा।
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, धार्मिक स्थलों सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनप्रतिनिधि का दायित्व सौंपा है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। विकास और जनसेवा का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा क्षेत्र के विकास की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा।
कार्यक्रम में रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. कुंदन सिंह राठौड़, एसपी साहू, अनिल चौधरी, मंदिर समिति अध्यक्ष दिनेश पांडे, अमरजीत सिंह, साकेत तिवारी, मनमोहन सिंह, विद्युत भट्टाचार्य, दीवान सिंह चुफाल, जितेंद्र भूषण, नरेंद्र गोस्वामी, अजीत शर्मा, मनोज दत्ता, राजेश महाराज, सतीश कर्नाटक, कैलाश पांडे, पूरन भट्ट, मोहित पंत, गुंजन शर्मा, सगीर खान, पंकज मिश्रा, अखिलेश खरे, नंदकिशोर, नरेंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।











