*मलसी डकैती कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार*
रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के मलसी में आठ अगस्त की रात हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती की 1.26 लाख रुपये की नगदी बरामद की है। मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मलसी निवासी विनीत पाठक की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026 के तहत धारा 310(2), 115(2) और 351(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त चार टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम बाल अपचारी को साथ लेकर ग्राम पसियापुर, थाना विलासपुर, जिला रामपुर पहुंची। वहां दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह (19) पुत्र हरपाल सिंह, हरपाल सिंह (48) पुत्र स्व. गुरनाम सिंह, दोनों निवासी ग्राम पसियापुर आगनबाड़ी, थाना विलासपुर, जिला रामपुर; हरजीत सिंह पुत्र स्व. बलवीर सिंह, निवासी ग्राम पाण्डेय निवाड़, आरटीओ रोड टैगौर; तथा सतपाल सिंह (28) पुत्र जग्गीर सिंह, निवासी ग्राम कोपा किरपाली, गुलरभोज, थाना गदरपुर शामिल हैं। मामले में एक बाल अपचारी भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,26,000 रुपये की चोरी की धनराशि बरामद की है। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से घटना का शीघ्र खुलासा होने पर अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू, उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल, उपनिरीक्षक मोहन चंद्र जोशी, कांस्टेबल ललित मोहन, नवीन गिरी, हरीश मेहरा और देवेंद्र तोम्कियाल शामिल रहे।








