*अभिषेक के इलाज में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी : शिव अरोरा*
- *राममूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विधायक ने जाना घायल का हाल, चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश*
रुद्रपुर। गंभीर रूप से घायल अभिषेक का भोजीपुरा स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। बुधवार को रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर अभिषेक का हाल जाना और चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।
विधायक ने अभिषेक का उपचार कर रहे डॉ. हर्षित अग्रवाल से उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, चल रहे उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट कर्नल आरपी सिंह से वार्ता कर अभिषेक को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
शिव अरोरा ने अभिषेक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह स्वयं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। जरूरत पड़ने पर अभिषेक को एम्स दिल्ली, एम्स ऋषिकेश अथवा देश के किसी अन्य बेहतर सरकारी चिकित्सा संस्थान में उपचार दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि अभिषेक के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। रुद्रपुर का विधायक होने के नाते वह स्वयं परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पूरा रुद्रपुर उसके जल्द स्वस्थ होकर परिवार के बीच लौटने की प्रार्थना कर रहा है।
इस दौरान सुनील यादव, सोनू मुल्तानी, मुकेश राजोरिया, संदीप वाल्मीकि, अंकित वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।







