*महापौर के हस्तक्षेप के बाद वाल्मीकि समाज का धरना समाप्त* *मुख्य आरोपी सन्नी चुघ गिरफ्तार, एसएसपी ने फोन पर दी जानकारी; स्कॉर्पियो भी पुलिस ने कब्जे में ली* *गिरफ्तारी के बाद समाज ने महापौर विकास शर्मा का जताया आभार*

Spread the love

*महापौर के हस्तक्षेप के बाद वाल्मीकि समाज का धरना समाप्त*

*मुख्य आरोपी सन्नी चुघ गिरफ्तार, एसएसपी ने फोन पर दी जानकारी; स्कॉर्पियो भी पुलिस ने कब्जे में ली*

*गिरफ्तारी के बाद समाज ने महापौर विकास शर्मा का जताया आभार*

रुद्रपुर। काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास कार और स्कूटी की टक्कर के बाद हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सोमवार दोपहर नगर निगम परिसर में वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों की ओर से चल रहा धरना समाप्त हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने फोन कर महापौर विकास शर्मा को गिरफ्तारी की जानकारी दी।

एसएसपी की सूचना मिलने के बाद महापौर ने धरनास्थल पर मौजूद वाल्मीकि समाज के लोगों को मोबाइल फोन हैंडफ्री पर रखकर उनसे सीधे बात कराई। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

बताया गया कि दो दिन पूर्व काशीपुर रोड पर भूरारानी निवासी सन्नी चुघ की कार और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई थी। हादसे में नगर निगम सफाई कर्मचारी के पुत्र अभिषेक समेत एक अन्य युवक घायल हो गया था। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार सुबह वाल्मीकि समाज और नगर निगम के सफाई कर्मचारी निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर विकास शर्मा भी धरने में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए वह समाज और कर्मचारियों के साथ खड़े हैं तथा पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।

महापौर ने पुलिस अधिकारियों से लगातार फोन पर मामले की प्रगति की जानकारी ली। दोपहर बाद एसएसपी अजय गणपति ने उन्हें फोन कर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। इसके बाद महापौर ने यह जानकारी धरनारत लोगों को दी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के साथ घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी कब्जे में ले ली गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया था और अब जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी के निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद वाल्मीकि समाज तथा सफाई कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना समाप्त होने पर समाज के लोगों ने महापौर विकास शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महापौर ने घटना के बाद उनके बीच पहुंचकर न केवल समर्थन दिया, बल्कि गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वयं धरने में भी बैठे और पुलिस अधिकारियों से लगातार संवाद बनाए रखा।

न्याय तक पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे : महापौर

धरना समाप्त होने के बाद महापौर विकास शर्मा ने कहा कि घटना के बाद से ही वह पीड़ित परिवार और सफाई कर्मचारियों के साथ खड़े हैं और आगे भी हरसंभव सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि घायल युवक के उपचार और परिवार की जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। मामले में कानून अपना काम करेगा और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

महापौर ने घटना को लेकर माहौल खराब करने और समाजों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिशों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामले में सभी पक्षों को संयम बनाए रखना चाहिए। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले को राजनीतिक रंग देने के बजाय निष्पक्ष जांच और न्याय की प्रक्रिया पर भरोसा किया जाना चाहिए। रुद्रपुर में सभी समाजों के बीच भाईचारा और आपसी सौहार्द कायम रहना चाहिए।

इस दौरान सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष नितिन चरण वाल्मीकि, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, सफाई कर्मचारी संघ के सदस्य रामवतार राजौर, पूर्व दर्जा मंत्री अजय राजौ, चौधरी सुरेश लाल, सुरेश कोली, अश्वनी सिंह, मोहन तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *