*बारिश में जर्जर मकान ढहा, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत*
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के चिलबिला महुली वार्ड में शुक्रवार तड़के बारिश के दौरान एक करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान भरभराकर ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव का परिवार पुराने मकान में रह रहा था। लगातार बारिश के चलते तड़के मकान अचानक ढह गया। उस समय गर्मी से बचने के लिए परिवार के अधिकांश सदस्य एसी लगे एक ही कमरे में सो रहे थे, जिससे सभी मलबे की चपेट में आ गए।
हादसे में प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव, पुत्र नितिन श्रीवास्तव, पुत्रवधू माधुरी श्रीवास्तव तथा दो पोते माधव और अनिक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।







