*जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकांश मामलों का मौके पर कराया समाधान*

Spread the love

*जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकांश मामलों का मौके पर कराया समाधान*

हल्द्वानी। आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, बकाया धनराशि की वापसी, लंबित वेतन, बैंक में बंधक संपत्ति और अन्य शिकायतों से जुड़े मामलों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में काठगोदाम निवासी मीरा पंत ने बताया कि उन्होंने तपोवन क्षेत्र में भूमि खरीदने के लिए प्रमोद नामक व्यक्ति को 11 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो भूमि मिली और न ही पूरी धनराशि वापस की गई। पूर्व में हुई जनसुनवाई में मामले का संज्ञान लेने के बाद दोनों पक्षों की सहमति से 7 लाख रुपये वापस कराए गए थे। शनिवार को भी 2.50 लाख रुपये वापस दिलाए गए, जबकि शेष 1.50 लाख रुपये सितंबर 2026 तक लौटाने के निर्देश दिए गए। धनराशि मिलने पर मीरा पंत ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, नैनीताल की ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट तनुजा पांडेय समेत 10 कर्मचारियों ने फरवरी और मार्च 2026 से वेतन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। कर्मचारियों ने बताया कि नियमित सेवाएं देने के बावजूद वेतन लंबित होने से आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए समाज कल्याण निदेशक से वार्ता की और एक सप्ताह के भीतर लंबित वेतन जारी करने के निर्देश दिए।

सद्भावना कॉलोनी निवासी मंजू जोशी ने अपने भवन को बैंक के बंधक से मुक्त कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि दैवेश पाल और मनीष पाल ने वर्ष 2016 में उनके भवन को बैंक में बंधक रखकर 38 लाख रुपये का कैश क्रेडिट (सीसी) लोन लिया था। ऋण का पूरा भुगतान न होने और खाते से लगातार निकासी होने के कारण भवन अभी तक बंधक मुक्त नहीं हो सका है। इस पर आयुक्त ने सीसी लोन खाता बंद कर बैंक से लिखित प्रमाण लेने, खाते से आगे केवल ऋण जमा करने तथा निकासी पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही शेष राशि तीन माह के भीतर जमा कराने को कहा।

जनसुनवाई में किरण डालाकोटी ने चोरी हुई धनराशि वापस दिलाने, हेमा पचवाड़ी ने पड़ोसी द्वारा मानसिक उत्पीड़न, नागेंद्र चंद्र ने ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी तथा हिमांशु डालाकोटी ने रामपुर रोड के चौड़ीकरण से जुड़ी समस्या उठाई। आयुक्त दीपक रावत ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *