*शहीद भगत सिंह के अपमान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस का पुतला फूंका* *विधायक शिव अरोरा बोले- शहीदों का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा*

*शहीद भगत सिंह के अपमान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस का पुतला फूंका*

 

*विधायक शिव अरोरा बोले- शहीदों का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा*

 

रुद्रपुर। कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर उठे विवाद के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन कर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और पार्टी का पुतला दहन किया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के खिलाफ नाराजगी जताते हुए घटना को शहीदों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि शहीद भगत सिंह देश के करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महान क्रांतिकारी के सम्मान से जुड़ा कोई भी विषय देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा है, जिसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।

 

विधायक ने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान मंच से संबोधन किया गया, लेकिन शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर जो स्थिति सामने आई, उससे कई सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ओर से स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला दिया जा रहा है, जबकि यात्रा के दौरान मंच से संबोधन भी किया गया था। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस की भूमिका की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

 

शिव अरोरा ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन और उनका बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी भावना के तहत भगत सिंह चौक का सौंदर्यीकरण कर उसे भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कांग्रेस के स्थानीय नेता अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का बचाव करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहीदों के सम्मान के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।

 

विधायक ने कहा कि घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान सर्वोपरि है और उनके प्रति सम्मान की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए।

 

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता राधेश शर्मा, पूर्व पार्षद सोनू अनेजा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान, नमित पार्षद सतनाम सिंह, पूर्व पार्षद महेंद्र आर्य, रविंद्र धामी, राजकुमार, जितेंद्र चौहान, नितिन ठाकुर, सुनील सागर, सुनील सिंह, मनोज मदान, मयंक कक्कड़, राज कोली, आदेश भारद्वाज, सन्नी पासवान, सोनू गगनेजा, भीमसेन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement