*2.187 किलो अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार*

*2.187 किलो अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार*

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 2.187 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात चौकी बगवाड़ा प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल अपनी टीम के साथ हाजी चौकी से बगवाड़ा रोड स्थित रामनगर शिव मंदिर के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम भी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल (यूके06 बीएम 9703) पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बारिश के कारण बाइक फिसल गई। दोनों आरोपी बैग लेकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झनकार सिंह (28) निवासी ग्राम बिशनपुर गुलड़िया, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) तथा आकाश वर्मा (23) निवासी ग्राम कुरैया, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान झनकार सिंह के बैग से 1.079 किलोग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1.108 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। दोनों के कब्जे से कुल 2.187 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह अफीम मुजफ्फर अंसारी निवासी मुजफ्फरनगर से लेकर आए थे और आगे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 369/2026 के तहत धारा 8/18/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेश पंत कर रहे हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement