*अग्निवीर भर्ती की तिथियां घोषित, 27 जुलाई से छह अगस्त तक होंगे भर्ती कैंप*
हल्द्वानी। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न पदों के लिए भर्ती कार्यक्रम जारी कर दिया है। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए 27 जुलाई से छह अगस्त तक भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान धार्मिक शिक्षक जेसीओ, हवलदार एजुकेशन, सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और सिपाही फार्मा समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को धार्मिक शिक्षक जेसीओ एवं हवलदार एजुकेशन पद के लिए प्रदेश के सभी जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) तथा 29 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) एवं सिपाही फार्मा पद के लिए सभी जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इसके बाद 30 जुलाई को बागेश्वर जिले के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी। 31 जुलाई को बागेश्वर एवं नैनीताल, एक अगस्त को नैनीताल, जबकि दो अगस्त को नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर जिले के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कैंप लगाया जाएगा। तीन अगस्त को ऊधम सिंह नगर एवं अल्मोड़ा जिले के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। चार एवं पांच अगस्त को अल्मोड़ा जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। छह अगस्त को अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कैंप आयोजित किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचने की अपील की है। साथ ही भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देशों और आवश्यक जानकारी के लिए सेना द्वारा जारी आधिकारिक सूचना का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।







