गोवंश स्क्वॉड पर फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
बड़ी मात्रा में संदिग्ध प्रतिबंधित मांस बरामद, दो फरार
गदरपुर। गांधी कॉलोनी में प्रतिबंधित मांस काटे जाने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची गोवंश स्क्वॉड टीम पर कथित तस्करों ने फायरिंग कर दी। हालांकि टीम के सदस्यों ने खुद को सुरक्षित रखते हुए पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध प्रतिबंधित मांस भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे गोवंश स्क्वॉड के कुमाऊं प्रभारी पंकज बेलवाल को वार्ड नंबर-3 स्थित गांधी कॉलोनी में प्रतिबंधित मांस काटे जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो वहां वाहन संख्या डीएल-2सीएके-8699 में सवार कुछ लोग निकलने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि टीम द्वारा वाहन रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि आरोपी वाहन को पीछे मोड़कर भागने लगे, लेकिन इस दौरान वाहन गांधी कॉलोनी निवासी हरिशंकर के मकान से टकरा गया, जिससे मकान को नुकसान पहुंचा। गोवंश स्क्वॉड के सदस्यों ने पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसी बीच टीम को बाबू नामक व्यक्ति के घर में भी प्रतिबंधित मांस काटे जाने की सूचना मिली। जांच के दौरान वहां से भी बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, मोहन बोरा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बरामद मांस के नमूने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविशंकर झा की मौजूदगी में जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉ. झा ने बताया कि बरामद मांस प्रतिबंधित श्रेणी का है या नहीं, इसकी पुष्टि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी।
गोवंश स्क्वॉड के कुमाऊं प्रभारी पंकज बेलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नईम पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी अगला खास, थाना स्वार तथा अबरार पुत्र बाबू निवासी गांधी कॉलोनी के रूप में हुई है। वहीं अयूब पुत्र मोहम्मद अहमद और मोहिन पुत्र मोहम्मद निवासी चक्कर की मिलक, जनपद मुरादाबाद मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फरार आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना की जानकारी मिलने पर गौ रक्षा दल और व्यापार मंडल से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।







