कृषकों की आय बढ़ाने के लिए पॉपुलर खेती पर शोध की जरूरत : डॉ. गणेश उपाध्याय

Spread the love

कृषकों की आय बढ़ाने के लिए पॉपुलर खेती पर शोध की जरूरत : डॉ. गणेश उपाध्याय

पंतनगर। कृषि एवं किसानों के हितों को लेकर डॉ. गणेश उपाध्याय ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कश्यप से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के कृषकों की बेहतरी के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

डॉ. उपाध्याय ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से पॉपुलर की खेती की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पॉपुलर की फसल में लगभग छह माह तक भूमि खाली रहती है, ऐसे में इस अवधि में अन्य लाभकारी फसलों की खेती को लेकर शोध किए जाने की आवश्यकता है, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी हो सके।

उन्होंने बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने पर भी जोर दिया। साथ ही विश्वविद्यालय से आग्रह किया कि वह अपने आसपास के गांवों में कृषि प्रसार गतिविधियों को बढ़ावा दे तथा उत्तराखंड के सीमांत और लघु किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार सब्जियों एवं विभिन्न धान्य फसलों के गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए।

डॉ. उपाध्याय ने विश्वविद्यालय की मासिक कृषि पत्रिका “किसान भारती” को प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाने की मांग करते हुए कहा कि इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और नई जानकारियों का लाभ मिलेगा। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी व्यवस्था स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई।

इस अवसर पर कुलपति शिवेंद्र कश्यप ने आश्वस्त किया कि आने वाले एक वर्ष में विश्वविद्यालय में नई सोच और नवाचार आधारित कई पहलें देखने को मिलेंगी, जिनका लाभ किसानों और कृषि क्षेत्र को मिलेगा।

बैठक में प्रगतिशील किसान प्रभुदत्त जोशी, महिपाल सिंह बोरा सहित अन्य किसान भी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *