एसएसपी अजय गणपति ने सितारगंज क्षेत्र की चौकियों का किया औचक निरीक्षण
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने रविवार को कोतवाली सितारगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौकी सिडकुल, चौकी शक्तिफार्म और चौकी सड़कड़ा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चौकियों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने चौकियों की सुरक्षा व्यवस्था, शस्त्रागार, अभिलेखों के रख-रखाव तथा पुलिस कार्यप्रणाली का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने जन-शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली और लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
एसएसपी ने चौकियों में संचालित निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। साथ ही सरकारी अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव तथा चौकी परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस चौकियों की व्यवस्थाएं बेहतर होने से आमजन को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।







