भमरौला के भूमिहीन परिवारों ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को सौंपा ज्ञापन हरिजन आबादी की सरकारी भूमि कब्जामुक्त कर पात्र परिवारों को पट्टा देने की उठाई मांग

Spread the love

भमरौला के भूमिहीन परिवारों ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को सौंपा ज्ञापन

हरिजन आबादी की सरकारी भूमि कब्जामुक्त कर पात्र परिवारों को पट्टा देने की उठाई मांग

रुद्रपुर। ग्राम पंचायत भमरौला के सैकड़ों भूमिहीन परिवारों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जियाउल रहमान के नेतृत्व में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला से मुलाकात कर हरिजन आबादी के लिए आरक्षित सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराकर पात्र भूमिहीन परिवारों को पट्टा आवंटित किए जाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने पूर्व विधायक को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कराने का आग्रह किया।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामसभा भमरौला की खसरा संख्या 437 एवं 437 मि. हरिजन आबादी के लिए आरक्षित है, जबकि खसरा संख्या 420 एवं 421 सार्वजनिक रास्ता एवं नाली के रूप में दर्ज हैं। आरोप है कि उक्त सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है, जिसके कारण भूमिहीन एवं जरूरतमंद परिवार अपने अधिकारों से वंचित हैं। साथ ही सार्वजनिक रास्ता एवं नाली भी बाधित हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि 18 जून को आयोजित ग्राम पंचायत की खुली बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, पात्र भूमिहीन एवं हरिजन परिवारों को पट्टा आवंटित करने तथा सार्वजनिक रास्ता एवं नाली से अवैध कब्जा हटाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जियाउल रहमान, क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित सिंह तथा ग्रामीणों की मौजूदगी में उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट एवं तहसीलदार दिनेश कुटोला से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने तथा अवैध कब्जा हटाकर पात्र भूमिहीन परिवारों को पट्टा आवंटित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर राजेश शुक्ला ने कहा कि गरीब, भूमिहीन एवं वंचित परिवारों को उनका अधिकार दिलाना केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि हरिजन आबादी के लिए सुरक्षित सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराने और पात्र परिवारों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि गरीबों के सम्मान, न्याय और अधिकारों की लड़ाई में वह सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जियाउल रहमान, क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित सिंह सहित बड़ी संख्या में भूमिहीन ग्रामीण उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *