महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की राज्यपाल ने की सराहना, ‘लखपति दीदी’ हुईं सम्मानित

Spread the love

महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की राज्यपाल ने की सराहना, ‘लखपति दीदी’ हुईं सम्मानित

नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने बुधवार को लोक भवन नैनीताल में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकासखंडों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरक बताया।

प्रदर्शनी में भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी और रामनगर विकासखंडों के महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने वुडन कलाकृतियों, ऐपण कला, बेकरी उत्पादों, अचार, जैम, मसालों एवं विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया तथा उत्पादन प्रक्रिया और विपणन गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने “लखपति दीदी” बनी महिलाओं को सम्मानित भी किया।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति अपनी मेहनत, लगन, प्रतिभा और संकल्प के बल पर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में अद्भुत रचनात्मक क्षमता, उत्पादकता और नवाचार की सोच है, जो उन्हें विशिष्ट बनाती है।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण और विविधता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। महिलाओं ने केवल उत्पाद निर्माण तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि गुणवत्ता सुधार, डिजिटलीकरण, विपणन और उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को समझते हुए अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार किया है।

राज्यपाल ने महिला उद्यमियों से उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल उत्पाद तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी विशिष्टता, आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावी विपणन भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने महिलाओं को उत्पादों में अधिकाधिक मूल्य संवर्धन और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर गुरमीत कौर, अरविन्द पांडे, चंद्रा फर्त्याल, गोपाल गिरी गोस्वामी सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *