टांडा जंगल में संविदा कर्मी की कुल्हाड़ी से हत्या

हल्द्वानी। हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात हमलावर ने 50 वर्षीय मेवा लाल की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार मृतक मेवा लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद का निवासी था और वन विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि घटना हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र की टीपी नगर चौकी अंतर्गत टांडा जंगल इलाके में हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के एक साथी पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement