सिडकुल की वी-गार्ड कंपनी में श्रमिकों का हंगामा, पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप
एक महिला श्रमिक बेहोश, वार्ता विफल होने पर बढ़ा विवाद
रुद्रपुर।
सिडकुल स्थित सेक्टर-5 की वी-गार्ड कंपनी में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर धरने पर बैठे श्रमिकों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। महिला एवं पुरुष श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया। घटना के दौरान एक महिला श्रमिक के बेहोश होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कंपनी में कार्यरत सैकड़ों श्रमिक पिछले कुछ समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। श्रमिकों का कहना है कि वे वर्षों से कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनके वेतन में वृद्धि नहीं की गई। उन्होंने न्यूनतम वेतन ₹20 हजार प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई है। इसके साथ ही श्रमिकों ने कंपनी द्वारा दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए उसे दूषित बताया।
शनिवार सुबह श्रमिकों ने पुनः कंपनी गेट पर धरना शुरू किया और प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। वार्ता विफल होने के बाद श्रमिकों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने प्रदर्शन तेज कर दिया।
श्रमिकों का आरोप है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और उन्हें मौके से खदेड़ दिया। वहीं, श्रमिकों ने एक ठेकेदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए उसे हटाने की मांग भी उठाई।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था।







