धामी सरकार में टूटे विकास के रिकॉर्ड: कैड़ा करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास, रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास का दावा

Spread the love

धामी सरकार में टूटे विकास के रिकॉर्ड: कैड़ा

करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास, रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास का दावा

रुद्रपुर। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहर के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए रुद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम में मंत्री कैड़ा ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। वार्ड संख्या 38 में नाला निर्माण एवं पुलियों के निर्माण कार्य के लिए 40.15 लाख रुपये, वार्ड 28 स्थित सब्जी मंडी में टीनशेड, सीसी सड़क व नाली निर्माण के लिए 48.19 लाख रुपये की योजनाओं का शुभारंभ किया गया। वहीं, देवभूमि जयंती योजना के तहत वार्ड 03 ट्रांजिट कैंप स्थित सुभाष पार्क के सौंदर्यीकरण हेतु 159.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में 494.68 लाख रुपये की लागत से हॉट मिक्स सड़कों का निर्माण तथा 485.90 लाख रुपये से क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। नगर निगम परिसर में 94.14 लाख रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल और मुख्य द्वार का निर्माण भी प्रस्तावित है।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव प्रदेश को निरंतर आगे बढ़ा रहा है, जिसका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है।

मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष ने हमेशा विकास कार्यों में बाधा डालने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनेगी।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व मेयर रामपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *