होली चाइल्ड स्कूल में क्रिकेटर मयंक मिश्रा का सम्मान
रुद्रपुर। होली चाइल्ड स्कूल के विशाल सभागार में 13 अप्रैल को उत्तराखंड के उभरते क्रिकेटर Mayank Mishra का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल, मोमेंटो एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
मयंक मिश्रा बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाज हैं, जिन्होंने वर्ष 2018 में Ranji Trophy में पदार्पण किया था। इसके बाद से वे उत्तराखंड क्रिकेट टीम के अहम सदस्य के रूप में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने Vijay Hazare Trophy और Syed Mushtaq Ali Trophy जैसे प्रमुख घरेलू टूर्नामेंटों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए हैं।
मिश्रा के नाम झारखंड, सर्विसेज, राजस्थान, नागालैंड, बंगाल और गुजरात के खिलाफ पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। वहीं, वर्ष 2022 में बंगाल के खिलाफ 10 विकेट और राजस्थान के खिलाफ 11 विकेट लेकर उन्होंने एक पारी में शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2019 में गोवा के खिलाफ टी-20 मुकाबले में हैट्रिक लेकर वे उत्तराखंड के पहले खिलाड़ी बने। सभी प्रारूपों में उत्तराखंड के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में भी उन्होंने पहचान बनाई है।
समारोह को संबोधित करते हुए मयंक मिश्रा ने छात्रों को मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और समर्पण से ही सफलता हासिल की जा सकती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मिंटू दूबे ने कहा कि मयंक मिश्रा ने अपनी गेंदबाजी से न केवल टीम को मजबूती दी है, बल्कि उत्तराखंड क्रिकेट को नई पहचान भी दिलाई है।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक योगराज बत्रा, चेयरमैन रोहिताश बत्रा, वाइस चेयरमैन विकास बत्रा, एमडी पूजा बत्रा, विनय बत्रा, उप-प्रधानाचार्य (एडमिन) प्रदीप कुमार जोशी, उप-प्रधानाचार्य (अकादमिक) मंजू अधिकारी, एचओडी फिजिकल एजुकेशन सुधाकर सिंह तथा एचसीएस स्पोर्ट्स अकादमी के क्रिकेट कोच पलाश भारद्वाज सहित समस्त शिक्षक वर्ग ने मयंक मिश्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







