*_संसद बजट सत्र: ईरान युद्ध के चलते भारतीय एयरलाइंस ने 4335 फ्लाइट्स कैंसिल कीं, राज्यसभा में सरकार का जवाब_*
नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज छठा दिन है. दो दिन स्थगन के बाद दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे फिर शुरू हुई. पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने राज्य के शीर्ष ब्यूरोक्रेट्स को हटाने के चुनाव आयोग के फैसले के विरोध में सोमवार को राज्यसभा से एक दिन का वॉकआउट किया.
शुक्रवार को टीएमसी सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए दोनों सदनों में नोटिस दिया था.
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को सभी सांसदों को पत्र लिखकर उनसे संसद की गरिमा और मर्यादा को बनाए रखने की अपील की. उन्होंने पत्र लिखा कि सदन और संसद परिसर में कुछ सदस्यों के आचरण से संसदीय लोकतंत्र की गरिमा और मान-मर्यादा प्रभावित हुई है. सदन में जिस तरह की भाषा का प्रयोग हो रहा है और सदस्यों का जो व्यवहार देखा जा रहा है, वह सभी के लिए गहरी चिंता का विषय है.
वहीं, आज राज्यसभा की 11 सीटों के लिए हरियाणा, बिहार और ओडिशा में चुनाव हो रहा है और शाम में नतीजे भी घोषित किए जाएंगे.







