*जिला अस्पताल से चिकित्सकों के तबादलों पर कांग्रेस का प्रदर्शन रेडियोलॉजिस्ट समेत 10 डॉक्टरों के स्थानांतरण निरस्त करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी,* *राजकुमार ठुकराल ने चेताया, तबादले वापस नहीं हुए तो होगा जन आंदोलन*

Spread the love

जिला अस्पताल से चिकित्सकों के तबादलों पर कांग्रेस का प्रदर्शन

रेडियोलॉजिस्ट समेत 10 डॉक्टरों के स्थानांतरण निरस्त करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

रुद्रपुर। जिला अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट, चार स्त्री रोग विशेषज्ञों सहित दस चिकित्सकों के स्थानांतरण के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर स्थानांतरण तत्काल निरस्त करने और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल पहले से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में एक साथ बड़ी संख्या में डॉक्टरों के तबादले से मरीजों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। उनका कहना था कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में उन्हें निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में समाहित किए जाने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी, आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. डी.के. त्रिपाठी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता त्रिपाठी, डॉ. तनुजा सिन्हा, डॉ. सुरेश अरोरा और डॉ. संतवंत कौर का स्थानांतरण हो चुका है। अस्पताल में अब केवल एक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु माथुर ही कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा कि एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अखिलेश कुमार के स्थानांतरण के बाद अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा भी प्रभावित हो गई है। इसके अलावा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. यदुराज भट्ट और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. गोस्वामी का भी तबादला कर दिया गया है। वहीं एकमात्र सर्जन डॉ. गगनदीप मिश्रा के इस्तीफे तथा मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं सर्जन डॉ. केदार सिंह शाही के स्थानांतरण से ऑपरेशन संबंधी सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि सरकार को आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानांतरण निरस्त कर पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।

प्रदर्शन में अरशद खान, परिमल राय, इंद्रजीत सिंह, सुशील मंडल, दिलशाद अहमद, फरमान अहमद, राम भरोसे, सतीश कुमार, आशीष श्रीवास्तव, अंकित कुमार, काशी राम, राम सेवक, भूरा गुप्ता, राम कुमार कोली, सोनू कोली, मनीष कुमार, बाबू विश्वकर्मा, संजीव, हरी चंद्र ढाली, अशोक शाह, दिनेश कोली, उमाशंकर, मोहन कुमार, जगदीश दास, राजू गुप्ता, दीप प्रकाश, प्रीति साना, सुनील चुघ, उमा सरकार, राधेश्याम, करु मंडल, अजय नारायण, तपन सिकदार, छत्रपाल सिंह, सुरजीत सिंह, प्रमोद बोरा, विनय ढाली, राकेश, सुनील हाल्दार, कमल मालाकार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *