केंद्रीय बजट देश के समग्र कायाकल्प का रोडमैप: सांसद अजय भट्ट

Spread the love

विकसित भारत की आधारशिला रख रहा केंद्रीय बजट : अजय भट्ट

भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता, निर्यात में नई छलांग

इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और स्टार्टअप इकोसिस्टम से रोजगार के अवसर बढ़े: सांसद

खाद्यान्न, दूध व मछली उत्पादन में भारत की बढ़ती अग्रणी भूमिका पर सरकार का जोर

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसे देश के समग्र कायाकल्प का बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग को सशक्त करने वाला दूरदर्शी दस्तावेज है।

सांसद अजय भट्ट ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुका है। देश में 35 करोड़ टन से अधिक का रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ है और चावल उत्पादन में भारत विश्व में पहले स्थान पर है। इसके साथ ही दूध और मछली उत्पादन में भी भारत अग्रणी देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है।

उन्होंने मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन चुका है। चालू वित्तीय वर्ष के केवल पांच महीनों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के स्मार्टफोन का निर्यात ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान की सफलता को दर्शाता है।

सांसद भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इससे न केवल परिवहन सुविधाओं में सुधार हुआ है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। मुद्रा योजना के तहत 38 लाख करोड़ रुपये का ऋण छोटे उद्यमियों को उपलब्ध कराया गया, जिससे 12 करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम विश्व में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जहां 50 हजार से अधिक स्टार्टअप्स के माध्यम से लाखों युवाओं को रोजगार प्राप्त हो रहा है।

सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि माओवाद प्रभावित जिलों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। साथ ही उत्तरी सीमा क्षेत्रों के विकास के लिए 11,639 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार और चिनाब ब्रिज जैसे ऐतिहासिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट देश की बदलती तस्वीर को दर्शाते हैं।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व मेयर रामपाल, नेतृपाल मौर्या, अनुभव चौधरी, रश्मि रस्तोगी, विजय पाल सिंह तोमर, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, अक्षय गहलोत, योगेश वर्मा, परवेज़ खान, मुकेश पाल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *