नाबालिग से रेप, भडका जनाक्रोश ,बाजार बन्द, कोतवाली का किया घेराव 

नाबालिग से रेप, भडका जनाक्रोश ,बाजार बन्द, कोतवाली का किया घेराव

 

भवाली। एक नाबालिग लड़की के साथ दुराचार की घटना ने क्षेत्र में भारी तनाव पैदा कर दिया है। इस घटना से स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके विरोध में गुरुवार सुबह व्यापारियों ने बाजार पूर्णतः बंद रखा और आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली का घेराव किया। मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है। गुरुवार सुबह से ही विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। जुलूस के दौरान भवाली बाजार को पूरी तरह बंद कराया गया। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर काफी आक्रोशित हैं और इसे ‘लव जिहाद’ से जोड़कर देख रहे हैं। भारी भीड़ ने कोतवाली के बाहर जमा होकर पुलिस से आरोपित को जल्द से जल्द दबोचने और कड़ी सजा दिलाने की मांग की। क्षेत्र में उपजे तनाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल भवाली का बाजार बंद है और प्रदर्शन जारी है। स्थानीय संगठनों का कहना है कि जब तक आरोपित पुलिस की गिरफ्त में नहीं आता, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement