गंगनहर मे गिरी कार दो की मौत 

Spread the love

गंगनहर मे गिरी कार दो की मौत

 

तेज रफ्तार ने छीनी दो युवकों की जिंदगी,सड़क हादसे ने परिवार में मचाया कोहरामरुड़की । हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मोहम्मदपुर झाल के पास तेज रफ्तार से आ रही किया सेल्टोस कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा गिरी, जिसमें दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे का मुख्य कारण वाहन की अधिक रफ्तार और गंगनहर की पटरी पर मौजूद मोड़ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल के पास एक कार गंगनहर में जा गिरी है। सूचना मिलने के तुरंत बाद मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि ग्रे रंग की किया सेल्टोस कार पानी में पूरी तरह डूबी हुई थी। पुलिस टीम ने स्थानीय कर्मचारियों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पानी में कार की तलाशी के दौरान दो युवक अचेत अवस्था में मिले। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस की मदद से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा (25 वर्ष) पुत्र राजकुमार शर्मा और पुनीत (25 वर्ष) पुत्र आशुतोष निवासी कुराली, थाना जानी, मेरठ के रूप में हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से गंगनहर से बाहर निकाल लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हादसे की सभी पहलुओं पर गहन जांच की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि कार के पंजीकृत स्वामी विवेक शर्मा ने पुलिस को फोन पर जानकारी दी कि दोनों युवक किसी निजी काम से रुड़की आए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण चालक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गंगनहर में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा इंतजाम और तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *