*जेसीज पब्लिक स्कूल में कौशल मेला और विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा* *दीपावली की सजावटी सामग्री, ऐपण कला, साबुन निर्माण और विज्ञान के मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र*

*जेसीज पब्लिक स्कूल में कौशल मेला और विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*

 

*दीपावली की सजावटी सामग्री, ऐपण कला, साबुन निर्माण और विज्ञान के मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र*

 

रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल में शनिवार को कौशल मेला-2026 एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप आयोजित इस मेले में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। मेले में विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक कलाओं और विज्ञान के आकर्षक मॉडलों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी शावेद आलम और विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना, उनके कौशल का विकास करना और उन्हें अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित करना भी है।

 

मुख्य अतिथि हरेंद्र मिश्रा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनमें उद्यमिता और नवाचार की भावना विकसित करती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

 

मेले में दीपावली की सजावटी सामग्री, साबुन निर्माण, क्रोशिया कार्य, टी-शर्ट पेंटिंग, रबर निर्माण और ऐपण कला से संबंधित स्टॉल लगाए गए। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों और संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने हुनर और मेहनत से तैयार उत्पादों के माध्यम से कार्यकुशलता एवं उद्यमशीलता का परिचय दिया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता का प्रदर्शन किया।

 

विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कौशल मेला राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 की कौशल आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षा की अवधारणा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानने के साथ ही नए प्रयोग करने का अवसर मिलता है।

 

कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement