*जनकपुरी की तर्ज पर सजेगा विधायक शिव अरोरा का आवास, 11 अक्टूबर को होगा श्रीराम बारात का स्वागत* *शाम पांच बजे एलाइंस कॉलोनी पहुंचेगी राम बारात, श्रीराम-सीता विवाह की रस्मों के बाद होगी माता सीता की विदाई*

*जनकपुरी की तर्ज पर सजेगा विधायक शिव अरोरा का आवास, 11 अक्टूबर को होगा श्रीराम बारात का स्वागत*

 

*शाम पांच बजे एलाइंस कॉलोनी पहुंचेगी राम बारात, श्रीराम-सीता विवाह की रस्मों के बाद होगी माता सीता की विदाई*

 

रुद्रपुर। प्रभु श्रीराम की भव्य दिव्य बारात के स्वागत को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में विधायक शिव अरोरा 11 अक्टूबर को अपने निज आवास पर घराती बनकर राम बारात का स्वागत करेंगे। बस स्टैंड स्थित रामलीला मैदान से शुरू होने वाली बारात पांच मंदिर होते हुए सी-22, एलाइंस कॉलोनी स्थित विधायक आवास पहुंचेगी। शाम पांच बजे बारात के आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान भक्तिमय माहौल में श्रीराम-सीता विवाह की रस्में संपन्न होंगी और इसके बाद माता सीता की विदाई की जाएगी।

 

विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की बारात का स्वागत करने का अवसर मिलना उनके लिए भावुक और गौरव का क्षण है। प्रभु की कृपा से एक बार फिर उन्हें इस पावन आयोजन में सहभागी बनने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के प्रति आस्था, श्रद्धा और समर्पण व्यक्त करने का अवसर है।

 

उन्होंने बताया कि राम बारात के स्वागत के लिए उनके आवास को जनकपुरी की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया जाएगा। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होकर प्रभु श्रीराम की बारात का स्वागत करेंगे। विवाह समारोह को धार्मिक परंपराओं और भक्तिमय उल्लास के साथ संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।

 

विधायक ने बताया कि वर्ष 2021 में भी उन्हें प्रभु श्रीराम की बारात के स्वागत का अवसर मिला था। एक बार फिर यह सौभाग्य मिलने पर उन्होंने स्वयं को धन्य बताया। साथ ही इस धार्मिक आयोजन को लेकर रामलीला कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।

 

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्रत के भोजन का अलग से प्रबंध रहेगा, ताकि सभी लोग सहजता से समारोह में शामिल हो सकें।

 

विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर के नागरिकों, धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम बारात के स्वागत समारोह में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और संस्कार भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में आस्था, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करते हैं।

 

प्रेस वार्ता के दौरान दर्जा मंत्री सुरेश कोली, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, पंजाबी महासभा कुमाऊं के अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, पूर्व मंडी चेयरमैन केके दास, बंगाली महासभा अध्यक्ष केके दास, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, राजेश कामरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement