*जुलूस में हथियार लहराने और हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की सख्ती, छह गिरफ्तार*
रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जुलूस के दौरान हथियार लहराने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया। पुलिस ने डीजे लगे टाटा 407 वाहन और एक मोटरसाइकिल को भी सीज किया है। जुलूस के दौरान हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली थी कि श्याम टॉकीज तिराहे के पास एक टाटा 407 वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है और कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हाथों में हथियार लहराते हुए उसके साथ चल रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां टाटा 407 को खतरनाक तरीके से चलाते हुए और तेज आवाज में डीजे बजाते पाया गया। वाहन संख्या UP14ET8138 को यातायात नियमों के उल्लंघन पर एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस ने जुलूस में शामिल लोगों को कई बार मौके से हटने के निर्देश दिए, लेकिन उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन लोगों को निरुद्ध कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
इसके बाद 16 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि जुलूस में हथियार लहराने वाले कुछ युवक मोदी मैदान के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने आंचल दूध की दीवार के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में अभिषेक उर्फ कालू के पास से फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद हुआ। वहीं राजीव और हर्ष उर्फ भोला की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए दो अवैध कापे बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से मिली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK-06-BM-7423 के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उसे भी एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी: राजीव साहनी (20), हर्ष उर्फ भोला (18), अभिषेक उर्फ कालू (21), अभय विश्वकर्मा (21), मोहम्मद हसन (21) और सक्षम राजपूत शामिल हैं। सभी आरोपी रुद्रपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त की घटना से संबंधित वीडियो फुटेज खंगालकर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रकाश में आने वाले लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी: दो अवैध कापे, एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक टाटा 407 डीजे वाहन।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश बबाढ़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु कुमार शामिल रहे।










