*मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में किच्छा को विकास की नई सौगात : राजेश शुक्ला*
किच्छा। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा एवं राज्य योजना के अंतर्गत किच्छा विधानसभा क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए 2 करोड़ 18 लाख 73 हजार रुपये की धनराशि लोक निर्माण विभाग को अवमुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य पारदर्शिता, संवेदनशीलता और बिना किसी भेदभाव के लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनभावनाओं का सम्मान करते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं, जिसका लाभ किच्छा विधानसभा क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के तहत लालपुर नगला मार्ग से अंबेडकर कॉलोनी आनंदपुर तक 1200 मीटर सड़क निर्माण के लिए 85.49 लाख रुपये, हाईवे से भंगा तक 1.5 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण के लिए 55.16 लाख रुपये, प्रतापपुर से प्रतापपुर कॉलोनी तक 1.325 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 37.59 लाख रुपये तथा कनकपुर शक्ति मंडल में घर से अनिल सिंह के घर तक 600 मीटर सड़क निर्माण के लिए 40.49 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
राजेश शुक्ला ने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन स्तर पर निरंतर पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विकासोन्मुख नेतृत्व में उत्तराखंड नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और किच्छा विधानसभा क्षेत्र की जनता को भी इसका निरंतर लाभ मिल रहा है।







