*एलएससी इन्फ्राटेक ने किच्छा बाईपास पर किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प*
रुद्रपुर। एलएससी इन्फ्राटेक लिमिटेड (कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज) की ओर से किच्छा बाईपास रोड, रुद्रपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रुप के निदेशक अभिषेक अग्रवाल एवं जिला खान अधिकारी मनीष परिहार के नेतृत्व में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। पौधरोपण के माध्यम से धरती को हरा-भरा बनाए रखने के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कुमार ग्रुप द्वारा अपने विभिन्न प्रतिष्ठानों में पहले भी हजारों पौधे लगाए जा चुके हैं तथा मानसून सत्र के दौरान अन्य स्थानों पर भी वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने की दिशा में प्रभावी पहल है। उन्होंने सभी लोगों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने बताया कि उनके अनुरोध पर एलएससी इन्फ्राटेक द्वारा गत माह बाजपुर के एक इंटर कॉलेज परिसर में भी बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए गए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बड़े होने तक संरक्षण और देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से शहर और देश को हरा-भरा तथा प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम में कुमार ग्रुप के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







