*वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की बाइक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार* *एसएसपी अजय गणपति बोले— वाहन चोर किसी कीमत पर नहीं बख्शे जाएंगे,*

Spread the love

*वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की बाइक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार*

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को जगतपुरा वार्ड नंबर-6 निवासी अंकुश प्रजापति ने उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप के माध्यम से ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 जून की रात घर के बाहर खड़ी उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (संख्या UK06L-9237) चोरी हो गई थी। मामले में ट्रांजिट कैम्प थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन युवक मोटरसाइकिल चोरी करते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश जारी रखी गई।

9 जुलाई की रात उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र पुलिस टीम के साथ परशुराम चौक से आनंदपुर रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर बैठे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ और वाहन की जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली, जिसकी पुष्टि ट्रांजिट कैम्प थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 190/2026 से हुई।

पुलिस ने इस मामले में अंश खत्री उर्फ अक्की (19), रजत (22) और कमल मौर्य (21) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमे में धारा 3(5) एवं 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए विधिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल गिरजा शंकर तथा कांस्टेबल हिमांशु आर्या शामिल रहे।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *