*पोक्सो एक्ट के गंभीर मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, विधि विवादित किशोर संरक्षण में*
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे एक विधि विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 को कोतवाली रुद्रपुर में एक नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध किए जाने तथा घटना में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई थी। इस पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर संख्या 339/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान एसओजी एवं सर्विलांस टीम की मदद से तकनीकी और मैनुअल साक्ष्य जुटाए गए तथा विभिन्न स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया।
जांच के आधार पर पुलिस ने 9 जुलाई को नामजद आरोपी मनोज कुमार (32 वर्ष), पुत्र नोनी राम, निवासी ग्राम बड़ौरी, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपी बताए जा रहे एक विधि विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पोक्सो एक्ट की धारा 16/17 भी बढ़ाई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और विवेचना जारी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति ऊधमसिंहनगर पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है। ऐसे मामलों में संलिप्त प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







