*जन्माष्टमी को लेकर नगर निगम अलर्ट, मंदिरों के आसपास होगी विशेष सफाई* *जन्माष्टमी पर स्वच्छ और रोशन शहर का संकल्प, महापौर ने अधिकारियों को दिए निर्देश*

Spread the love

मंदिरों के आसपास विशेष सफाई और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश

रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम ने शहर में सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमुख मंदिरों, पूजा स्थलों और वहां तक जाने वाले मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

महापौर ने कहा कि त्योहारों के दौरान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। मंदिरों के पास अतिरिक्त कूड़ेदान रखे जाएंगे और कूड़ा उठाने वाले वाहनों की आवाजाही बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा चूना, ब्लीचिंग पाउडर और सैनिटाइजेशन का छिड़काव भी कराया जाएगा।

उन्होंने स्वास्थ्य अनुभाग को मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विद्युत अनुभाग को प्रमुख मंदिरों और वहां तक जाने वाले मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण कर खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर त्योहार के दौरान अस्थायी प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समेत सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व शहरवासियों के लिए आस्था और उत्साह के अवसर हैं। नगर निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और रोशन वातावरण मिले तथा मंदिरों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। त्योहारों के दौरान नगर निगम की टीमें पूरी तत्परता से व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।

उन्होंने शहरवासियों से भी धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा एवं धार्मिक आयोजनों के बाद कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। सामूहिक सहयोग से ही त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखा जा सकता है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *