*धामी के जन्मदिन पर सेवा कार्यों में जुटे विधायक शिव अरोरा*
*500 श्रमिकों को लेबर किट बांटी, कुष्ठ आश्रम में कंबल-फल वितरण; रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर मेडिकल कॉलेज में मरीजों का जाना हाल*
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर दिन को ‘सेवा, समर्पण एवं सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों, जरूरतमंदों, कुष्ठ आश्रम के निवासियों और अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किए।
बिगवाड़ा मंडी में 500 श्रमिकों को बांटी लेबर किट
बिगवाड़ा मंडी में श्रम विभाग के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा ने 500 पंजीकृत श्रमिकों को लेबर किट वितरित कीं। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। पात्र श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके बाद विधायक ने भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के साथ कुष्ठ आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कंबल और फल वितरित किए तथा सभी का हालचाल जाना।
रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ
त्रिशूल चौक स्थित जवाहरलाल ब्लड बैंक में विधायक ने फीता काटकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरत के समय किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवाओं और सामाजिक संगठनों से ऐसे जनहित के कार्यों में भागीदारी की अपील की।
मेडिकल कॉलेज में मरीजों से मिले
विधायक शिव अरोरा पंडित राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य चंद्र प्रकाश बेसोड़ा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव गोस्वामी से अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना जनसेवा की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी स्वास्थ्य, श्रमिक कल्याण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रमों में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, तरुण दत्ता, एएलसी अरविंद सैनी, बिगवाड़ा मंडी सचिव विश्व विजय, पीएमएस अजय शर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, रोशन अरोरा, मुकेश पाल, जितेंद्र संधू, केके त्रिपाठी, मोर सिंह, बिट्टू चौहान, मनीष गोस्वामी, विशाल ठाकुर, स्वाति शर्मा, पिंकी चतुर्वेदी, संदीप राव, मनोज छाबड़ा, शशि शुक्ला, मयंक कक्कड़, सुभाष यादव, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।