संत कबीर जयंती पर छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह, हजारों लोगों ने दिया नवदंपतियों को आशीर्वाद। राजकुमार ठुकराल बोले— निर्धन बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व

Spread the love

संत कबीर जयंती पर छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह, हजारों लोगों ने दिया नवदंपतियों को आशीर्वाद

राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में निकली भव्य बारात, छह जोड़े विवाह बंधन में बंधे

राजकुमार ठुकराल बोले— सामाजिक सहयोग से ही निर्धन परिवारों के सपने होते हैं साकार

राजकुमार ठुकराल ने सामूहिक विवाह आयोजन में सहयोगियों का जताया आभार

 

रुद्रपुर। संत शिरोमणि कबीर दास की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के तत्वावधान में रम्पुरा स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह सामाजिक सहयोग से धूमधाम के साथ संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं। हजारों लोगों की मौजूदगी में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया तथा गृहस्थी के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की गई। देर रात तक चले विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत कबीर दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजन के साथ हुआ। इसके बाद मां काली मंदिर से छह सुसज्जित बग्गियों में दूल्हों की भव्य बारात निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकली बारात रम्पुरा के प्रमुख मार्गों से होते हुए विवाह स्थल मां दुर्गा मंदिर परिसर पहुंची। बारात का नेतृत्व मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तथा अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली ने किया।

विवाह स्थल पर वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार छह जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। समारोह में उपस्थित लोगों ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। समाजसेवियों एवं दानदाताओं ने नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान और उपहार भी भेंट किए। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी सभी जोड़ों को शुभाशीष देते हुए शगुन स्वरूप सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि निर्धन बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना समाज का सबसे बड़ा दायित्व और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं तथा सामाजिक समरसता और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने संत कबीर दास के समानता, भाईचारे और मानव सेवा के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम संयोजक हिम्मत राम कोली ने बताया कि समाज के सहयोग से पिछले चार वर्षों से सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष छह निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे सम्मान और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, डबल बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, सिलाई मशीन, स्टील एवं चांदी के बर्तन, रसोई का पूरा सामान, पंखे, इलेक्ट्रिक प्रेस, कंबल, बेडशीट, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, वाटर कूलर, कुर्सियां, मेज सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की गई।

इस अवसर पर अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली, पार्षद अंजलि कोली, पार्षद सोनी कोली, एडवोकेट संजीव गुप्ता, करन सिंह कोली, रवि कोली, केरू मंडल, अजय नारायण सिंह, मनोज गुप्ता, कमलदीप सोनकर, धर्मपाल कोली, संजय ठुकराल, नीलम अग्रवाल, कुसुम जैन, दीप्ति अग्रवाल, अंजू बंसल, केपी गंगवार सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *