*डोईवाला टोल प्लाजा के पास भीषण हादसा, दो की मौत, पांच घायल*
डोईवाला। डोईवाला टोल प्लाजा के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में इको वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब देहरादून से हरिद्वार जा रही इको के आगे चल रहे लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया। अनियंत्रित हुए लोडिंग वाहन ने पीछे से आ रही इको को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में इको में आगे बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची तथा क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लोडिंग वाहन का टायर निकलना हादसे की वजह सामने आया है। पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।











