*अमेरिका में पढ़ाई के बाद नौकरी करना होगी महंगी, OPT वर्क परमिट पर 95 लाख रुपये तक शुल्क लगाने की तैयारी*
वॉशिंगटन। अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए नौकरी की राह महंगी हो सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दिए जाने वाले ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) वर्क परमिट पर 100,000 डॉलर (करीब 95 लाख रुपये) तक का शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है।
यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो इसका सीधा असर अमेरिका में अध्ययन कर रहे लाखों विदेशी छात्रों, विशेषकर भारतीय छात्रों पर पड़ेगा। OPT के माध्यम से छात्र पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में निर्धारित अवधि तक नौकरी कर कार्य अनुभव प्राप्त करते हैं और इसी दौरान कई छात्र H-1B वीजा के लिए आवेदन करते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी अधिक फीस लागू होने पर अमेरिका में पढ़ाई करने वाले छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। साथ ही, कई छात्रों के लिए पढ़ाई के बाद नौकरी करना और H-1B वीजा के माध्यम से अमेरिका में करियर बनाना पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। यदि इसे मंजूरी मिलती है तो अमेरिका में उच्च शिक्षा की योजना बना रहे भारतीय छात्रों और उनके परिवारों पर इसका व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।







