जौनसार बावर की संस्कृति और खेल प्रतिभाओं का भव्य संगम बना लोक सांस्कृतिक महोत्सव

Spread the love

जौनसार बावर की संस्कृति और खेल प्रतिभाओं का भव्य संगम बना लोक सांस्कृतिक महोत्सव

देहरादून। नागथात में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और खेल प्रतिभाओं के भव्य संगम का साक्षी बना। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोक नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के उत्थान, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा जौनसार बावर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जौनसार बावर केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां की लोक संस्कृति, परंपराएं, लोक कला और सामाजिक जीवन पूरे प्रदेश को गौरवान्वित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर चलने की नीति पर कार्य कर रही है, ताकि आधुनिक सुविधाओं के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास के लिए देशभर में अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड सरकार भी जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने बताया कि हरिपुर कालसी में यमुना नदी तट पर भव्य यमुना घाट का निर्माण किया जा रहा है। इससे धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार बावर क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत करने, दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा युवाओं को खेल एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल और संस्कृति किसी भी समाज की पहचान को मजबूत बनाने का माध्यम हैं और ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने जौनसारी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और लोकनृत्यों ने महोत्सव की शोभा बढ़ाई। वहीं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखंड के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जौनसार बावर क्षेत्र आने वाले वर्षों में पर्यटन, संस्कृति, खेल और विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में मुन्ना सिंह चौहान, खुशी राम, नरेश चौहान, नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *