### *एमआरपी के महत्व और दुरुपयोग पर ग्राहक पंचायत ने छात्रों के साथ किया संवाद*
*वाद-विवाद के माध्यम से विद्यार्थियों ने रखे सुझाव, एमआरपी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने पर चर्चा*
रुद्रपुर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में शनिवार को सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बीबीए विभाग सभागार में एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) विषय पर छात्र संवाद एवं वाद-विवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एमआरपी की आवश्यकता, वस्तुओं की बिक्री में इसके महत्व तथा निर्माता कंपनियों द्वारा एमआरपी के कथित दुरुपयोग जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
वाद-विवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने एमआरपी की व्यवस्था, उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और वर्तमान बाजार परिस्थितियों पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने एमआरपी के माध्यम से उपभोक्ताओं को मिलने वाले अधिकारों तथा कंपनियों द्वारा मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य एमआरपी के दुरुपयोग को रोकने और उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने की दिशा में विद्यार्थियों के विचार जानना था।
इस दौरान छात्राओं जसनूर कौर, खुशी राठौर, तनवीर कौर, प्रियंका पांडे, अनुष्का सिंह और प्रियंका गंगवार ने अपने विचार रखते हुए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। छात्राओं ने वर्तमान परिस्थितियों का आकलन कर उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश नारायण सिंह, ग्राहक पंचायत के संरक्षक कल्याण सिंह, क्षेत्र संगठन मंत्री लाखन सिंह, प्रांत उपाध्यक्ष भूपेंद्र गंगवार और जिला सचिव अशोक गावड़ी ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष डॉ. हेमंत सिंह चौहान ने किया। जिला सह सचिव महेंद्र प्रताप मंगला ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर बीबीए विभागाध्यक्ष भरत सिंह राजपूत, प्रवक्ता निशांत जनौटी, प्रदीप कुमार गंगवार, फैकल्टी गुंजन कालरा, कार्यालय अधीक्षक केबी जोशी सहित बीबीए विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



