*मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव से कच्चे तेल में उछाल, चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची कीमतें*
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तेल आपूर्ति को लेकर बढ़ते जोखिम के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है। सोमवार को WTI क्रूड की कीमत करीब 102.8 डॉलर और ब्रेंट क्रूड 107.3 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। दोनों प्रमुख बेंचमार्क चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं।
सऊदी अरब में ड्रोन हमलों के बाद ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन का संचालन रोके जाने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बढ़ते तनाव को कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की प्रमुख वजह माना जा रहा है। तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों की चिंता बढ़ी है।
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी भारत के लिए भी चिंता का कारण बन सकती है। भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने का असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों के साथ-साथ परिवहन लागत और महंगाई पर भी पड़ सकता है।