*कांग्रेस नेता ‘नाराज फूफा’ बने हुए हैं : सीएम धामी*
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्य हों, निवेश आए या युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएं, कांग्रेस नेताओं को हर अच्छी पहल से परेशानी होने लगती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी नेता इन दिनों ‘नाराज फूफा’ बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति लंबे समय तक परिवारवाद और तुष्टिकरण के इर्द-गिर्द घूमती रही है। ऐसे में पारदर्शिता, सुशासन और विकास की राजनीति उसे रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को ‘मियां’ ऐसे ही नहीं कहा गया है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने संबंधित व्यवस्था का गठन किया है। सरकार का लक्ष्य राज्य में विकास को गति देना और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में सरकारी जमीनों के इस्तेमाल और व्यवस्थाओं को लेकर पारदर्शिता का अभाव रहा। वर्तमान सरकार ने व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान चलाया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अब तक 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है।
सीएम धामी ने कहा कि जब सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही थी, तब कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर एक शब्द तक नहीं बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है।