*UPI पर फीस लगाने का रास्ता खोलने का आरोप, राहुल गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना*
नई दिल्ली। कांग्रेस ने यूपीआई (UPI) लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगाए जाने की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने सवाल उठाया कि क्या यह कदम अमेरिकी कंपनियों के लिए डिजिटल भुगतान का रास्ता आसान करने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर यूपीआई पर शुल्क लगाने का रास्ता खोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब 2,000 रुपये से अधिक के मर्चेंट यूपीआई लेन-देन पर MDR लगाए जाने की संभावना बन गई है।
राहुल गांधी के मुताबिक, 2,000 रुपये से अधिक के ऐसे लेन-देन की संख्या यूपीआई के कुल लेन-देन का करीब पांच प्रतिशत है, लेकिन इनका कुल लेन-देन मूल्य में हिस्सा लगभग 65 प्रतिशत है। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।